नियम-कानून को ताक पर रखकर हो रहा था खनन, क्रशर बंद नहीं हुआ तो उतरेंगे सड़क पर: छविंद्र कर्मा, जावंगा स्थित क्रशर का छविंद्र कर्मा ने किया औचक निरीक्षण, जिले के सभी क्रशरो की होनी चाहिए जांच, सुरक्षा नियमों का भी हो सख्ती से पालन…


दंतेवाड़ा(प्रभात क्रांति)। गीदम- जगदलपुर मुख्य मार्ग पर जवांगा स्थित लक्ष्मी मेटल एंड इंडस्ट्रीज क्रशर का वरिष्ठ कांग्रेस नेता छविंद्र कर्मा ने निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण कर छविंद्र कर्मा ने कहा कि क्रशर पूरी तरह अवैध है और इसे तत्काल बंद कर देना चाहिए। क्रशर मेन रोड से महज 100 से 150 मीटर की दूरी पर संचालित हो रहा है, जो खनन एवं सुरक्षा नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि ब्लास्टिंग के दौरान आसपास के स्कूलों, ढाबों और सीआरपीएफ कैंप के लिए गंभीर खतरा बना रहता है।

इतना ही नहीं, ब्लास्टिंग से पहले स्थानीय थाने को सूचना तक नहीं दी जाती, जिससे मुख्य मार्ग पर चलने वाले राहगीरों और यात्रियों की जान जोखिम में रहती है। छविंद्र ने कहा कि इस घटना से पहले भी कई बार ब्लास्टिंग के दौरान उड़ने वाले पत्थरों से लोगों को चोट भी लग चुकी है। घटना वाले दिन स्कूली बच्चों व ढाबा में बैठे लोगों को चोट नहीं लगी पर इसे अनदेखा नहीं किया जा सकता।क्रशर संचालक को नियमों के उल्लंघन करने की खुली छूट मिली हुई है इस कारण वह नियमों की अनदेखी कर लोगों के जान से खिलवाड़ कर रहा है।

श्री कर्मा कहा कि क्रशर संचालक निर्धारित 14 हेक्टेयर भूमि से अधिक क्षेत्र में खनन कर रहे हैं। परिसर में सुरक्षा फेंसिंग तक नहीं है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कर्मा ने कहा कि यह क्रशर जानलेवा है, अगर इसे जल्द बंद नहीं किया गया तो किसी बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता।
छविंद्र ने खनिज विभाग के अधिकारियों से कहा कि जिले में संचालित सभी क्रशरों की जांच की जाए और सख्ती से सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। ब्लास्टिंग के दौरान पूर्व सूचना, मुनादी और सुरक्षा इंतजाम अनिवार्य किया जाए ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि न हो। क्रशर निरीक्षण के बाद कर्मा गीदम थाने पहुंच मामले में हो रही कार्रवाई की जानकारी ली साथ ही जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करने को भी कहा। छविंद्र कर्मा ने आगे कहा कि अगर जल्द ही क्रशर बंद नहीं किया गया तो चरणबद्ध आंदोलन किया जायेगा।





