छत्तीसगढ़

स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर भोपालपट्नम में कांग्रेस ने शुरू किया हस्ताक्षर अभियान, विक्रम मंडावी का आरोप: भाजपा सरकार स्मार्ट मीटर से आम आदमी की जेब काट रही है, जिला अध्यक्ष लालू राठौर बोले — स्मार्ट मीटर से उद्योगपतियों की जेब भरी जा रही है…

बीजापुर (प्रभात क्रांति) । प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर ने बुधवार को भोपालपटनम में स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। अभियान का उद्देश्य आम उपभोक्ताओं पर बढ़ते बिजली बिल और मनमानी वसूली से राहत है।

इस अभियान को लेकर विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद सरकार जनता को राहत देने के बजाय महंगी बिजली, बढ़ते बिल और स्मार्ट मीटर जैसी जनविरोधी नीतियों से आम परिवारों पर आर्थिक बोझ डालने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जिले के हजारों उपभोक्ता ऊंचे बिजली बिलों से परेशान हैं। स्मार्ट मीटर लगने के बाद मनमानी बिलिंग और पारदर्शिता की कमी की शिकायतें लगातार आ रही हैं। कांग्रेस पार्टी इन शिकायतों को देखते हुए जिले भर में स्मार्ट मीटर के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चला रही है, जो आगे भी जारी रहेगा।

वहीं जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के अध्यक्ष लालू राठौर ने कहा कि एक ओर युवा बेरोजगारी के कारण काम की तलाश में पलायन कर रहे हैं, दूसरी ओर सरकार बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए जबरन स्मार्ट मीटर लगवा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही और युवाओं के पास रोजगार नहीं है, और स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं से मनमानी वसूली कर उद्योगपतियों की जेब भर रही है।लालू राठौर ने कहा उपभोक्ताओं को बिजली बिलों में राहत मिलने तक यह अभियान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार चलाया जाएगा।

इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और आम जनता इस अभियान से जुड़ने के लिए उपस्थित हुए l

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button