बजावंड सड़क के उन्नयन और टू-लेन निर्माण का सांसद ने किया ऐलान, क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर…


जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। ग्राम पंचायत धोबीगुड़ा के इरिकपाल पारा में सीसी सड़क के उद्घाटन कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप ने क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जगदलपुर से बजावंड तक आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़क के उन्नयन के साथ जल्द ही टू-लेन सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। सांसद की इस घोषणा से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी की लहर है।
सांसद ने बताया कि बस्तर जिले में सड़क विकास से जुड़े करीब 58 मार्गों के उन्नयन की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इनमें छेपड़ागुड़ा से तारापुर तथा बेलगांव से भेजरीपदर मार्ग को चौड़ा कर उन्नयन करने की योजना शामिल है। इन मार्गों के बेहतर होने से ग्रामीण क्षेत्रों से आवागमन आसान होने के साथ आसपास के गांवों को भी बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि बजावंड क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण की मांग करते आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क की मांग उठाए जाने के बावजूद अपेक्षित काम नहीं हो पाया। अब सांसद महेश कश्यप द्वारा सड़क के उन्नयन और टू-लेन निर्माण की घोषणा किए जाने से लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।
कार्यक्रम के दौरान सांसद महेश कश्यप, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे, जिला पंचायत सदस्य बनवासी मौर्य, जनपद पंचायत बकवन के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, ग्राम पंचायत के सरपंच-सचिव, जनपद पंचायत सदस्य सहित स्थानीय भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। सांसद ने क्षेत्र के सड़क विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई। घोषणा के बाद ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के विकास और आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण पहल बताते हुए खुशी जताई।



