वेटलिफ्टिंग में दीपक बघेल का दमदार प्रदर्शन, बस्तर का नाम किया रोशन, 71 किग्रा वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर रचा इतिहास’’ – देखे वीडियों


जगदलपुर(प्रभात क्रांति) । खेलों इंडिया ट्राइबल गेम्स 2025 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य की मेजबानी में रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में बस्तर जिले के होनहार खिलाड़ी दीपक बघेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है । 
दिनांक 06 जनवरी 2025 को आयोजित इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बीच जगदलपुर के ग्राम भाटागुड़ा निवासी दीपक बघेल ने अपने जबरदस्त आत्मविश्वास और मेहनत का परिचय देते हुए 71 किलोग्राम भार वर्ग में 105 किलोग्राम का स्नैच तथा 120 किलोग्राम का क्लीन एंड जर्क सफलतापूर्वक उठाकर प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
दीपक बघेल की इस उपलब्धि ने न केवल उन्हें विजेता बनायाए बल्कि पूरे बस्तर जिले के लिए गर्व का क्षण बन गया। प्रतियोगिता में कई जिलों और राज्यों के मजबूत खिलाड़ियों के बीच दीपक का एकमात्र विजेता बनकर उभरना उनकी कठिन मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है ।
इस ऐतिहासिक जीत के दौरान बस्तर जिले के अन्य खिलाड़ी, खेलप्रेमी दर्शक एवं प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागी दीपक बघेल की सफलता के साक्षी बने। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरणा मिलेगी और बस्तर के उभरते खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का नया उत्साह प्राप्त होगा । दीपक बघेल की इस शानदार सफलता पर खेलप्रेमियों, प्रशिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उन्हें बधाइयां देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
देखे वीडियों –





