गीदम में 7 से 13 दिसंबर तक होगा भव्य श्री दंतेश्वरी शिव महापुराण कथा का आयोजन — डेढ़ से दो लाख भक्तों के जुटने की संभावना


जगदलपुर (प्रभात क्रांति), गीदम में इस वर्ष एक ऐतिहासिक और विराट धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। ॐ शिव महापुराण समिति गीदम द्वारा 7 दिसंबर से 13 दिसंबर तक कृषि उपज मंडी चौक हारम में श्री दंतेश्वरी शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस महाअनुष्ठान में अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक, भागवत भूषण परम पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा (सिहोर वाले) शिव महापुराण कथा का वाचन कर भक्तों को आध्यात्मिक रसपान कराएंगे।
समिति के अनुसार यह सात दिवसीय आयोजन केशकाल घाट के ऊपर दंडकारण्य के पठार में पहली बार इतने विशाल रूप में किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन डेढ़ से दो लाख शिवभक्तों के पहुँचने की संभावना जताई गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु कई विशाल डोम, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा दोनों समय भोजन प्रसाद के लिए भव्य भंडारा स्थल तैयार किया जा रहा है।
कार्यक्रम का प्रारंभ और समय सारणी
शनिवार 6 दिसंबर को सुबह 10:30 बजे नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।
7 दिसंबर से 13 दिसंबर तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक कथा श्रवण का कार्यक्रम होगा।
कथा स्थल कृषि उपज मंडी चौक हारम, गीदम–बारसूर मार्ग पर स्थित है, जहाँ सुविधाजनक पहुँच प्रबंध किए गए हैं।
अनुष्ठान के संरक्षक, समिति और प्रबंधन टीम
अनुष्ठान को सफल बनाने हेतु श्री शिव महापुराण कथा समिति का गठन किया गया है, जिनमें —
मुख्य संरक्षक: कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, विधायक चैतराम अटामी, मुख्य यजमान विजय प्रसाद तिवारी, स्वामी वसुधानन सरस्वती, तथा पूर्व विधायक देवती कर्मा शामिल हैं।
मुख्य आयोजक विजय प्रसाद तिवारी एवं अभिलाष तिवारी हैं।
समिति की कार्यकारिणी:
अध्यक्ष — जयप्रकाश सिंह
उपाध्यक्ष — रजनीश सुराना
सचिव — राकेश कुमार मिश्रा
कोषाध्यक्ष — कृष्णा चंद्र अवस्थी
महामंत्री — राजेश (झल्लर) गुप्ता
मंत्री — जगदीश राठी
व्यवस्थापक — पंचू साहू
मीडिया प्रभारी — हेमंत कश्यप
स्थानीय लोगों में उत्साह
यद्यपि कथा 7 दिसंबर से प्रारंभ होगी, लेकिन सैकड़ों भक्त अभी से कथा स्थल पहुँचकर व्यवस्था और तैयारियों का अवलोकन कर रहे हैं। क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर अत्यधिक उत्साह और भक्ति का वातावरण बना हुआ है, और गीदम आध्यात्मिक महापर्व के रंग में रंग चुका है।




