भूस्खलन से रेल यातायात पर बड़ा असर, ईस्ट कोस्ट रेलवे ने कई ट्रेनों के रूट बदले और फेरे किए रद्द


जगदलपुर (प्रभात क्रांति) । ईस्ट कोस्ट रेलवे के रायगड़ा रेल मंडल अंतर्गत एमवीजी और सीटीएस स्टेशनों के मध्य हुए अचानक भूस्खलन के कारण रेल सेवाओं पर व्यापक प्रभाव पड़ा है। संरक्षा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से कई महत्वपूर्ण यात्री ट्रेनों को पूरी तरह निरस्त करने के साथ-साथ उनके गंतव्य में कटौती करने का निर्णय लिया है।
इस प्राकृतिक व्यवधान के चलते 13 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक विशाखापट्टनम और किरंदुल के बीच चलने वाली दोनों दिशाओं की एक्सप्रेस ट्रेनें (गाड़ी संख्या 18515 और 18516) पूरी तरह रद्द रहेंगी। इसी क्रम में राउरकेला–जगदलपुर एक्सप्रेस (18107) 13 से 20 अक्टूबर तक तथा वापसी में जगदलपुर–राउरकेला एक्सप्रेस (18108) 14 से 21 अक्टूबर तक पूर्णतः निरस्त रहेंगी। 
पूरी तरह रद्द ट्रेनों के अतिरिक्त लंबी दूरी की कई गाड़ियों को गंतव्य से पहले समाप्त और बीच रास्ते से ही प्रारंभ करने की व्यवस्था की गई है, जिसके चलते केआरपीयू और जगदलपुर स्टेशन के बीच रेल सेवा ठप रहेगी। इसके तहत हावड़ा–जगदलपुर एक्सप्रेस (18005) 13 से 20 अक्टूबर तक केआरपीयू स्टेशन पर ही समाप्त होगी, जबकि जगदलपुर–हावड़ा एक्सप्रेस (18006) 15 से 22 अक्टूबर तक जगदलपुर के बजाय केआरपीयू स्टेशन से अपनी यात्रा प्रारंभ करेगी। इसी प्रकार भुवनेश्वर–जगदलपुर एक्सप्रेस (18447) 13 से 20 अक्टूबर तक केवल केआरपीयू तक जाएगी और वापसी में गाड़ी संख्या 18448 जगदलपुर के स्थान पर केआरपीयू से 14 से 21 अक्टूबर के दौरान रवाना होगी। स्थानीय यात्रियों के लिए विशाखापट्टनम–किरंदुल पैसेंजर (58501 और 58502) को भी 13 से 20 अक्टूबर तक केआरपीयू स्टेशन तक ही सीमित रखा गया है।
रेलवे प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रियों की सुविधा के लिए इस फेरबदल की व्यापक जानकारी स्टेशन नोटिस बोर्ड, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, एसएमएस और मीडिया माध्यमों से तुरंत उपलब्ध कराई जाए। रेल प्रबंधन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की नवीनतम स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें।




