तेंदूपत्ता बोनस के तहत मिलने वाली छात्रवृत्ति की जानकारी लेने 5 विद्यार्थी पहुँचे दिशा चॉइस सेंटर सांवरा…

जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए चलाई जा रही छात्रवृत्ति / बोनस पेमेंट योजना के अंतर्गत आज विकासखंड बकावंड के ग्राम वनकोमर के 5 विद्यार्थी सांवरा स्थित दिशा डिजिटल चॉइस सेंटर पहुँचे।
सेंटर पहुँचने पर संचालक द्वारा सबसे पहले उन विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी गई और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
विद्यार्थियों ने बताया कि उनके माता-पिता प्रतिवर्ष वन विभाग के माध्यम से तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य करते हैं। शासन द्वारा संग्राहक परिवारों को बोनस के साथ-साथ उनके बच्चों की पढ़ाई के लिए प्रतिवर्ष छात्रवृत्ति सहायता राशि प्रदान की जाती है। इसी राशि की वर्तमान स्थिति और आगामी भुगतान कब आएगा, इसकी जानकारी लेने के लिए वे सेंटर आए थे।
पहुँचे हुए विद्यार्थियों में सैतोबती बघेल (12वीं पास), लछंती नेताम (12वीं पास), उमेश्वर बघेल (12वीं पास), चंद्रिका ठाकुर (12वीं पास) और संपति नेताम (12वीं पास) शामिल थे।
इस संबंध में दिशा डिजिटल चॉइस सेंटर सांवरा की *ऑपरेटर सुनीता सोनवानी ने बताया कि इस वर्ष शासन द्वारा नियमों में बदलाव किया गया है। नई गाइडलाइन के अनुसार *सिर्फ 75% से ऊपर अंक लाने वाले विद्यार्थियों को ही इस योजना का लाभ मिलेगा।जिसमें 10वीं पास विद्यार्थी को 15 हजार और 12वीं पास विद्यार्थी को 25 हजार रुपये* की छात्रवृत्ति राशि प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सभी 5 विद्यार्थियों के दस्तावेजों की जाँच कर पात्र पाए जाने पर उनके आवेदनों को वन विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन अपडेट कर दिया गया है। सत्यापन के बाद जल्द ही राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेज दी जाएगी।


