छत्तीसगढ़

तोयनार के नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय में गूंजा स्वच्छता का संदेश: ‘एसबीआई संजीवनी’ ने विद्यार्थियों को बनाया ‘स्वच्छता दूत’, छात्रों ने ली स्वच्छता की शपथ; पोस्टर प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा, स्कूल को सौंपी गई स्वच्छता किट

बीजापुर, (प्रभात  क्रांति)  । स्वच्छता केवल एक औपचारिकता या सामयिक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का अनिवार्य आधार है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के तहत शुक्रवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय, तोयनार में एक स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम एसबीआई फाउंडेशन (SBI Foundation) के सहयोग से शिखर युवा मंच (SYM), बिलासपुर द्वारा संचालित ‘एसबीआई संजीवनी क्लिनिक ऑन व्हील्स – मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU), बीजापुर’ की ओर से संपन्न हुआ।

स्वच्छता दूत’ करेंगे निरंतर निगरानी

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों को चार विशेष दलों में विभाजित कर ‘स्वच्छता दूत’ (Swachhta Doot) की उपाधि देना रहा। ये स्वच्छता दूत विद्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई, कचरा पृथक्करण और व्यक्तिगत स्वच्छता को बनाए रखने के लिए नेतृत्व करेंगे।

जागरूकता सत्र के दौरान बच्चों को वैज्ञानिक तरीके से हाथ धोने (Handwashing Steps), कचरा प्रबंधन और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति व्यावहारिक रूप से प्रशिक्षित किया गया।

प्रोजेक्टर के माध्यम से स्वच्छता एवं व्यक्तिगत स्वच्छता फिल्म प्रदर्शन

कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता संबंधी फिल्म एवं व्यक्तिगत स्वच्छता (Personal Hygiene) पर आधारित शैक्षणिक फिल्म का प्रदर्शन कराया गया। फिल्मों के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता का महत्व, नियमित हाथ धोने, शरीर एवं आसपास के वातावरण की साफ-सफाई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।

इस अवसर पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी रचनात्मकता के जरिए स्वच्छ परिवेश की महत्ता को उकेरा, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। विद्यार्थियों ने स्वच्छता की शपथ लेकर विद्यालय एवं समुदाय में स्वच्छता का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।

विद्यालय को सौंपी गई आवश्यक स्वच्छता सामग्री

कार्यक्रम केवल संवाद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विद्यालय को व्यावहारिक रूप से स्वच्छ रखने के लिए एसबीआई संजीवनी टीम द्वारा झाड़ू, हैंडवॉश, फिनाइल, डस्टबिन, ब्लीचिंग पाउडर आदि आवश्यक स्वच्छता सामग्री भेंट की गई।

विद्यालय के प्रधान अध्यापक मोहम्मद इकबाल खान ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ अंचल के आवासीय विद्यालयों में इस तरह की स्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी गतिविधियाँ बच्चों में सकारात्मक और स्थायी संस्कार विकसित करती हैं।

इस आयोजन में विद्यालय के 14 शिक्षकों सहित 396 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

अनुभवी टीम ने दिया मार्गदर्शन

कार्यक्रम का सफल नेतृत्व प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर मुकेश मानिकपुरी एवं मेडिकल ऑफिसर डॉ. डी. वेन्नेला द्वारा किया गया। टीम के सदस्यों—स्टाफ नर्स सोनल नायक, फार्मासिस्ट सौंदर्या सोनला, लैब तकनीशियन मनोरमा उसेंडी और पायलट सियाराम कुड़ियाम ने पूरे आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने में सक्रिय योगदान दिया।

स्वच्छता से स्वस्थ जीवन का संदेश

समापन अवसर पर प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर मुकेश मानिकपुरी ने कहा, “स्वच्छ विद्यालय से स्वस्थ विद्यार्थी तैयार होते हैं, और स्वस्थ विद्यार्थी ही एक सशक्त राष्ट्र की नींव रखते हैं।

उन्होंने सभी शिक्षकों व छात्रों का आभार जताते हुए स्वच्छता को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य: विद्यार्थियों में स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्वच्छ वातावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा उन्हें विद्यालय एवं समुदाय में स्वच्छता के संदेशवाहक के रूप में तैयार करना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button