नानगुर में खुले में पड़ी दवाइयां, सड़क किनारे होटल में मिलीं सिरप की पेटियां, स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर उठे सवाल … देखें वीडियो –


जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। बस्तर जिले के नानगुर विकासखंड मुख्यालय में दवाइयों के रखरखाव को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। अस्पताल परिसर के आसपास कई तरह की दवाइयां खुले में और यत्र-तत्र पड़ी मिलीं। वहीं सड़क किनारे एक होटल में Ferrous Sulphate with Folic Acid Syrup की छह पेटी सिरप पाए जाने की जानकारी सामने आई है। लाखों रुपये की दवाइयों के इस तरह पड़े रहने से उनके सुरक्षित भंडारण और उपयोग को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

यह दवा मुख्य रूप से आयरन और फोलिक एसिड की कमी से होने वाली खून की कमी (एनीमिया) की रोकथाम और उपचार में उपयोग की जाती है तथा विशेष रूप से बच्चों, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं और जरूरतमंद मरीजों के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसी सरकारी दवा का अस्पताल से बाहर इस तरह मिलना बेहद गंभीर मामला है और इसके भंडारण, वितरण एवं उपयोग की व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
बताया गया कि नानगुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन जिला खनिज न्यास (DMF) मद से बनाया गया है और यहां पर्याप्त स्थान उपलब्ध होने के बावजूद दवाइयों को व्यवस्थित तरीके से रखने के बजाय खुले में छोड़ दिया गया है।
सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत आने वाली दवाइयां जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोग होनी चाहिए, लेकिन यदि वे खुले में पड़ी मिलें तो यह विभागीय निगरानी और रखरखाव पर गंभीर सवाल है। मामले में दवाइयों की संख्या, स्थिति और उन्हें खुले में रखने के कारणों की जांच आवश्यक है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएमओ नानगुर से फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी प्रकार की कार्रवाई सामने नहीं आई है। अब सवाल यह है कि आखिर सरकारी दवाइयां अस्पताल परिसर से बाहर होटल तक कैसे पहुंचीं और खुले में दवाइयों की पेटियां किसकी लापरवाही से पड़ी रहीं। पूरे मामले में दवाइयों के स्टॉक, वितरण रजिस्टर और संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाना जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि सरकारी दवाइयों की बर्बादी अथवा दुरुपयोग पर रोक लग सके और जरूरतमंद मरीजों को उनका लाभ मिल सके।
देखें वीडियो –





