बरसात में जानलेवा बनी अधूरी नाली, गड्ढों से गुजरना मजबूरी, कुड़कानार में ग्रामीण परेशान…


जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। बस्तर जिले के सरहदी ग्राम पंचायत कुड़कानार में निर्माणाधीन नाली अब ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। करीब तीन माह पूर्व बरसात से पहले नाली निर्माण के लिए आबादी क्षेत्र में बड़े-बड़े गड्ढे खोद दिए गए थे, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिए जाने के बाद अब बारिश के मौसम में यही गड्ढे लोगों के लिए खतरा बन गए हैं। न तो गड्ढों को पाटा गया है और न ही नाली निर्माण पूरा किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को घरों तक आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। स्थिति यह है कि कई लोगों के वाहन तक घर के अंदर नहीं पहुंच पा रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार नाली निर्माण के बाद ठेकेदार द्वारा मौके पर गिट्टी, मिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री छोड़ दी गई है। बरसात का हवाला देकर निर्माण कार्य बंद कर दिया गया, लेकिन ग्रामीणों के आवागमन के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें यह तक जानकारी नहीं है कि नाली निर्माण का ठेका किसे दिया गया है और निर्माण कार्य की जिम्मेदारी किसकी है। कुड़कानार से इंद्रावती नदी पुल होकर बस्तर को जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग होने के कारण यहां आवाजाही भी अधिक रहती है।

ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य जल्द पूरा नहीं किया गया तो बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ सकता है। समाचार प्रकाशित करने से पूर्व सरपंच और सचिव से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं होने के कारण उनका पक्ष नहीं मिल सका। प्रभात क्रांति के माध्यम से शासन-प्रशासन से मांग है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए या तो अधूरे नाली निर्माण को शीघ्र पूरा कराया जाए, अथवा बारिश के दौरान तत्काल गड्ढों को पाटकर ग्रामीणों के आवागमन को सुगम बनाया जाए।





