नीतिगत सुधारों, आंतरिक सुरक्षा और सुशासन के बेमिसाल 12 वर्ष – भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय


जगदलपुर(प्रभात क्रांति)। भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। इन 12 वर्षों में देश ने कई ऐतिहासिक और कड़े फैसले देखे हैं, जिन्होंने भारत को आंतरिक रूप से सुरक्षित और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया है। श्री पाण्डेय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई व शुभकामनायें प्रेषित की है।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने कहा कि धारा 370 की समाप्ति, भव्य राम मंदिर का निर्माण और देश की सुरक्षा नीति में आया युगांतरकारी बदलाव पीएम मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। जीएसटी, जनधन खाते और डीबीटी के माध्यम से भ्रष्टाचार पर सीधी चोट की गई है, जिससे सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है।
छत्तीसगढ़ के संदर्भ में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने कहा कि मोदी सरकार की केंद्रीय योजनाओं ने हमारे राज्य के पिछड़े क्षेत्रों में विकास की नई रोशनी पहुंचाई है। युवाओं के लिए स्टार्टअप इंडिया और मुद्रा योजना ने रोजगार के नए द्वार खोले हैं। नक्सलवाद का समूल नाश करने का बड़ा संकल्प सिद्ध किया है। नक्सल से मुक्त हुआ बस्तर अंचल अब विकास की ओर अग्रसर हो रहा है।





