मनवा पुलिस – मनवा नाटे” अभियान के तहत इन्द्रावती नदी पार ग्राम मर्रामेटा में सिविक एक्शन कार्यक्रम एवं चलित थाना का सफल आयोजन…
खुले आसमान एवं पेड़ों की शीतल छांव में ग्रामीणों और पुलिस के मध्य जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया


बीजापुर (प्रभात क्रांति) । जन-संवाद कार्यक्रम में नदी पार के ग्राम गोंडमेंटा, मर्रामेटा, पदमेटा, धरमा, घोटपाल एवं बैइल के ग्रामीणों से रूबरू होकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगारमूलक गतिविधियों संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
थाना भैरमगढ़ क्षेत्र अंतर्गत इन्द्रावती नदी पार ग्राम मर्रामेटा में पुलिस प्रशासन द्वारा सिविक एक्शन कार्यक्रम एवं चलित थाना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) अमन कुमार झा, एसडीओपी भैरमगढ़ नवीन एक्का, थाना प्रभारी भैरमगढ़ एकेश्वर नाग सहित कार्यपालिक बल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा त्वरित निराकरण हेतु आवश्यक आश्वासन दिया। वर्षों तक मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहे इस क्षेत्र में नक्सल उन्मूलन के पश्चात अब शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुँच रहा है। क्षेत्र में सड़कों का विस्तार हो रहा है तथा पुल-पुलियों का निर्माण कार्य तेजी से जारी है।
वर्षों तक माओवादी हिंसा का दंश झेल चुके ग्रामीणों को शांति, विकास एवं सामाजिक एकता का संदेश दिया गया। जवानों की शहादत एवं ग्रामीणों के त्याग को स्मरण करते हुए समझाइश दी गई कि समाज में हिंसा, माओवादी विचारधारा एवं असामाजिक तत्वों के लिए अब कोई स्थान नहीं है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे क्षेत्र में शांति एवं विकास बनाए रखने हेतु एकजुट रहें।
अधिकारियों द्वारा युवाओं को शिक्षा, खेल एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य निर्माण हेतु प्रेरित किया गया। ग्रामीणों से आग्रह किया गया कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल एवं आंगनबाड़ी भेजें, जहाँ बच्चों को शिक्षा, मध्यान्ह भोजन, स्कूल ड्रेस, पुस्तकें एवं अन्य आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
ग्रामीणों को यह भी समझाइश दी गई कि वे किसी भी प्रकार के बहकावे में न आएँ। मुख्यधारा में लौटे पुनर्वासित माओवादियों द्वारा सम्मानपूर्वक रोजगारमूलक जीवनयापन किए जाने की जानकारी भी साझा की गई।
सिविक एक्शन कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं को क्रिकेट, वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन की खेल सामग्री एवं खेल ड्रेस वितरित की गई। महिलाओं को साड़ी, बच्चों एवं युवाओं को खेल सामग्री तथा बुजुर्गों को चप्पल प्रदान कर सहयोग किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित ग्रामीणों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए क्षेत्र में शांति, विकास एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।




