छत्तीसगढ़

उसूर ब्लॉक में ऐतिहासिक सांस्कृतिक महोत्सव, बस्तर के नामचीन कलाकारों ने जमाया रंग, देर रात तक झूमते रहे दर्शक…

बीजापुर(प्रभात क्रांति) । नव वर्ष के शुभ अवसर पर उसूर जैसे छोटे से आदिवासी बहुल ब्लॉक में जिस भव्यता और उत्साह के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, उसने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया। आमतौर पर सीमित संसाधनों वाले इस क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर नाइट प्रोग्राम का आयोजन अपने आप में एक ऐतिहासिक पहल मानी जा रही है। कार्यक्रम को देखने और नव वर्ष का स्वागत करने के लिए उसूर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

इस अवसर पर बस्तर अंचल के प्रसिद्ध गायक एवं कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। लोकप्रिय सिंगर अनुराग कुमार ने अपने मधुर गीतों से माहौल को जोश और उमंग से भर दिया, वहीं रीन्नू कश्यप की सुमधुर आवाज ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। युवा कलाकार निशांत झाड़ी और चर्चित परफॉर्मर संदीप पुनेम की प्रस्तुति पर दर्शक खुद को झूमने से रोक नहीं पाए। पारंपरिक और आधुनिक संगीत के सुंदर संगम ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।

नाइट प्रोग्राम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, गीत-संगीत और नृत्य का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। नव वर्ष की खुशियों के बीच पूरा पंडाल तालियों और उत्साह से गूंजता रहा। दर्शकों में खासकर युवाओं और बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक एवं सहयोगी मैथ्यूज झाड़ी, यथार्थ झाड़ी, दीपा कश्यप, राज कुमार सरोज और गौरव सल्लूर के अथक प्रयासों से यह आयोजन पूरी तरह सफल रहा। आयोजकों ने मंच व्यवस्था, ध्वनि, प्रकाश, सुरक्षा और दर्शकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा, जिससे कार्यक्रम व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

स्थानीय नागरिकों ने कहा कि उसूर जैसे दूरस्थ क्षेत्र में इस तरह के बड़े सांस्कृतिक आयोजन से न केवल मनोरंजन मिला, बल्कि क्षेत्र की पहचान भी बढ़ी है। इससे स्थानीय कलाकारों को प्रेरणा मिली और सांस्कृतिक गतिविधियों को नया मंच प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी कलाकारों, सहयोगियों, स्थानीय प्रशासन, युवाओं और उपस्थित दर्शकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी इस तरह के और बड़े सांस्कृतिक आयोजनों को उसूर ब्लॉक में आयोजित करने की बात कही।

नव वर्ष के मौके पर आयोजित यह भव्य कार्यक्रम उसूर ब्लॉक के लोगों के लिए यादगार बन गया और लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में जीवंत रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button