राष्ट्रीय योगासन चैंपियनशिप में दंतेवाड़ा के चार योग खिलाड़ियों का चयन, महाराष्ट्र में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे किरंदुल के प्रतिभागी…


दंतेवाड़ा (प्रभात क्रांति) । छठवीं सब जूनियर एवं सीनियर ‘बी’ नेशनल योगासन चैंपियनशिप (महिला एवं पुरुष) का आयोजन 30 दिसंबर से 2 जनवरी तक ध्रुव ग्लोबल, संगमेर, जिला अहिल्या नगर (महाराष्ट्र) में किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स का प्रतिनिधित्व करने के लिए दंतेवाड़ा जिले के चार प्रतिभागियों का चयन किया गया है।
दिनांक 28 दिसंबर 2025 को दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल क्षेत्र से चयनित ये चारों खिलाड़ी न केवल जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने जा रहे हैं।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागी
नरोत्तम सिंह ध्रुव — हैंड बैलेंस इवेंट (आयु वर्ग 35 से 45 वर्ष)
गोरखनाथ यादव — ट्रेडिशनल इवेंट एवं फॉरवर्ड बेंड इवेंट (आयु वर्ग 35 से 45 वर्ष)
शशिकला मिश्रा — सुपाइन इवेंट (आयु वर्ग 35 से 45 वर्ष)
सुशांत यादव — फॉरवर्ड बेंड इवेंट (आयु वर्ग 10 से 14 वर्ष)
जिले में खुशी का माहौल
इन खिलाड़ियों के चयन से दंतेवाड़ा जिले में हर्ष का माहौल है। खेल प्रेमियों, योग प्रशिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
योग से स्वस्थ जीवन का संदेश
योगासन स्पोर्ट्स से जुड़े प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों ने बताया कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर मन को शांति प्रदान करता है। योग के नियमित अभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जी सकता है। उन्होंने आमजन से भी योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
राष्ट्रीय योगासन चैंपियनशिप में दंतेवाड़ा के इन प्रतिभागियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है, जिससे राज्य और जिले का गौरव और बढ़ेगा।





