बस्तर में युवा उत्सव 2026-27 का शंखनाद, कलेक्टर आकाश छिकारा ने जारी किए निर्देश, स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच


जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में बस्तर जिले में ‘युवा उत्सव 2026-27’ के भव्य आयोजन की तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हो गई हैं। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने जिले की समृद्ध लोक-संस्कृति, कला और युवाओं के बौद्धिक कौशल को निखारने के उद्देश्य से विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन आगामी 27 से 31 अक्टूबर 2026 के मध्य जिला मुख्यालय जगदलपुर में एक से दो दिवसीय कार्यक्रम के रूप में संपन्न होगा। इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शीर्ष स्थान हासिल करने वाले विजेता प्रतिभागी एवं दल 01 से 07 दिसम्बर 2026 के दौरान बिलासपुर में प्रस्तावित राज्य स्तरीय युवा उत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके पश्चात राज्य स्तर पर चयनित श्रेष्ठ कलाकार व प्रतिभागी आगामी 10 से 12 जनवरी 2027 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित राष्ट्रीय युवा उत्सव में हिस्सा लेंगे।
इस महोत्सव में सहभागिता के लिए प्रतिभागियों की आयु सीमा 17 अगस्त 2026 की स्थिति में 15 से 29 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि संगतकारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष तय की गई है। प्रत्येक प्रतिभागी का ‘माई भारत’ (MY Bharat) पोर्टल पर अनिवार्य पंजीयन कराया जाएगा और नियमों के तहत एक युवा केवल एक ही विधा में भाग ले सकेगा।
आयोजन में पारंपरिक लोक विधाओं के साथ-साथ समसामयिक विषयों और आधुनिक नवाचारों का सुंदर समन्वय देखने को मिलेगा। जहां एक ओर लोकनृत्य, लोकगीत, पारंपरिक वेशभूषा, चित्रकला, कविता लेखन और नुक्कड़ नाटक जैसी सांस्कृतिक विधाएं बस्तर की माटी की महक बिखेरेंगी, वहीं दूसरी ओर ‘विकसित भारत चैलेंज ट्रेक’ के अंतर्गत युवा क्विज़, निबंध और पीपीटी प्रस्तुतियों के जरिए जनजातीय नेतृत्व, प्राकृतिक संसाधनों एवं समावेशी विकास पर अपने विचार साझा करेंगे। इसके अलावा, युवाओं को सामाजिक संदेश से जोड़ने के लिए ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित छत्तीसगढ़’ थीम पर आधारित ‘क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज’ भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागी अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करेंगे।



