इरिकपाल में स्कूल पहुंच मार्ग के सीसी सड़क का भूमि पूजन, सांसद महेश कश्यप एवं जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय का हुआ विशेष सम्मान…


जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। बस्तर जिले के इरिकपाल में मुख्य सड़क से हाईस्कूल तक पहुंच मार्ग के लिए सांसद निधि से स्वीकृत 10 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण का भूमि पूजन सांसद महेश कश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय एवं जिला पंचायत सदस्य बनवासी मौर्य की मौजूदगी में किया गया।



कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों द्वारा सांसद एवं जिला अध्यक्ष का विशेष सम्मान किया गया। इस अवसर पर सांसद, जनपद पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्याय भाजपा मण्डल के पुरुषोत्तम जोशी, सरगीपाल मण्डल अध्यक्ष पुरुषोत्तम जोशी, पूर्व जनपद सदस्य भोला राम नाग, सरपंच संतोष कश्यप धोबीगुडा एवं जिला अध्यक्ष ने केंद्र की मोदी सरकार तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी और संगठन को मजबूत करने सहित भाजपा की गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर सांसद महेश कश्यप को आवेदन सौंपे। वन विभाग बकावंड परिक्षेत्र की आसना नर्सरी में कार्यरत महिला मजदूरों ने अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच लंबित करीब तीन माह की मजदूरी का मामला सांसद के समक्ष रखा और भुगतान दिलाने की मांग की। इसके अलावा कुछ ग्रामीणों ने अतिक्रमण हटाने, वहीं ग्रामीणों ने गांव की देवगुड़ी सहित अन्य धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार के लिए राशि स्वीकृत करने का आग्रह किया। सांसद ने ग्रामीणों की समस्याओं और आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक पहल का भरोसा दिलाया।

इसी दौरान हाईस्कूल इरिकपाल की छात्राओं को निशुल्क साइकिल का वितरण भी किया गया। साइकिल मिलने पर छात्राओं में उत्साह देखने को मिला। छात्राओं एवं ग्रामीणों ने शासन की इस पहल के लिए सरकार तथा सांसद महेश कश्यप के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही।




