राजस्व पटवारी संघ का एक दिवसीय धरना: पदोन्नति नियमों में संशोधन और वेतन विसंगति दूर करने की उठाई मांग… देखें वीडियो –


बीजापुर(प्रभात क्रांति)। दिनांक 3/8/26 अगस्त। को छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ, जिला बीजापुर के बैनर तले सोमवार को अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना में जिले के बड़ी संख्या में पटवारियों ने भाग लेकर शासन के प्रति अपनी मांगों को प्रमुखता से रखा। प्रदर्शन के बाद संघ ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन के नाम सौंपा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान पटवारियों ने कहा कि राजस्व निरीक्षक (आरआई) भर्ती नियमों में संशोधन किया जाए। संघ की प्रमुख मांग है कि राजस्व निरीक्षक के कुल स्वीकृत पदों में 50 प्रतिशत पद वरिष्ठता के आधार पर तथा 50 प्रतिशत पद विभागीय परीक्षा के माध्यम से पटवारियों को पदोन्नति देकर भरे जाएं। साथ ही, राजस्व निरीक्षक के पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया पूरी तरह समाप्त की जाए, ताकि लंबे समय से सेवा दे रहे पटवारियों को पदोन्नति का उचित अवसर मिल सके।

संघ ने दूसरी प्रमुख मांग के रूप में पटवारियों के वेतन निर्धारण में व्याप्त विसंगतियों की जांच कर उन्हें दूर करने की मांग उठाई। पटवारियों का कहना है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में वेतन निर्धारण की प्रक्रिया अलग-अलग तरीके से होने के कारण कर्मचारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रदेश में वेतन निर्धारण की एकरूप व्यवस्था लागू की जाए।
इसके अलावा, समयमान वेतनमान निर्धारण के संबंध में शासन स्तर से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग भी की गई, ताकि लेखा एवं कोष कार्यालयों में सत्यापन की प्रक्रिया में होने वाले अनावश्यक विलंब को समाप्त किया जा सके और कर्मचारियों को समय पर उनका वैधानिक लाभ मिल सके।
धरना के समापन पर राजस्व पटवारी संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन के नाम ज्ञापन प्रेषित कर मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। संघ ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है।
देखें वीडियो –
https://youtu.be/fBKDKSAkbz8?si=3hJ0EIOpz8xOqwEW





