छत्तीसगढ़

मरघट की शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण के विरोध में एकजुट हुए ग्रामीण, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन…

जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तारापुर में श्मशान (मरघट) की शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर तहसील कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार ग्राम तारापुर निवासी महादेव, पिता लक्ष्मण भतरा पर खसरा क्रमांक 824/1 एवं 857 स्थित शासकीय मरघट भूमि पर कब्जा कर धान की रोपाई करने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह भूमि गांव के सार्वजनिक उपयोग एवं अंतिम संस्कार के लिए सुरक्षित है, लेकिन उस पर कब्जा होने से ग्रामीणों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत द्वारा कई बार समझाइश देने के बावजूद संबंधित व्यक्ति ने कब्जा नहीं हटाया और श्मशान भूमि पर कृषि कार्य जारी रखा। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब ग्रामीण और पारावासी लोगों ने इसका विरोध किया तो विवाद की स्थिति निर्मित हुई और अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत भी सामने आई।

ग्रामीणों ने तहसीलदार से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर शासकीय भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाया जाए, ताकि गांव का मरघट स्थल भविष्य के लिए सुरक्षित रह सके। उनका कहना है कि सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर किसी भी प्रकार का निजी कब्जा स्वीकार्य नहीं है और प्रशासन को शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए । यही ग्रामीणों की मांग है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button