छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेज-4 के तहत बस्तर में सड़कों का लोकार्पण व भूमिपूजन आज, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे शुभारंभ, 86 सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगी बड़ी राहत…

जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-4, बैच-01) के अंतर्गत बस्तर जिले में सड़कों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन 17 अप्रैल 2026 को किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा दोपहर 12 बजे राजधानी रायपुर से वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा।

जिला स्तरीय कार्यक्रम जगदलपुर स्थित शासकीय गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय ऑडिटोरियम में आयोजित होगा, जहां जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, विधायक किरण सिंह देव, विनायक गोयल, लखेश्वर बघेल सहित जिला पंचायत एवं नगर निगम के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।
जानकारी के अनुसार, योजना के तहत पूरे जिले में कुल 774 सड़कों (कुल लंबाई 2426.875 किमी) का लोकार्पण एवं शुभारंभ किया जा रहा है, जिसकी कुल लागत लगभग 2,22,543.79 लाख रुपये है।
वहीं बस्तर जिले में 86 सड़कों (कुल लंबाई 235.45 किमी) के निर्माण हेतु लगभग 24,999.51 लाख रुपये की लागत से भूमिपूजन किया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और विकास को गति मिलेगी।

विकासखंडवार जानकारी के अनुसार बकावंड, लोहंडीगुड़ा, जगदलपुर, तोकापाल, बास्तानार और दरभा क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्य किया जाएगा, जिससे दूरस्थ गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ा जाएगा।
इस योजना के क्रियान्वयन से बस्तर जिले के ग्रामीण अंचलों में आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं व्यापारिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

शासन की इस पहल को ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button