सीसी सड़क और स्ट्रीट लाइट के नाम पर फर्जी भुगतान का खेल, बड़े देवड़ा पंचायत में 15वें वित्त की राशि पर गंभीर सवाल….


जगदलपुर (प्रभात क्रांति) । जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़े देवड़ा में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप एक बार फिर सामने आए हैं। 15वें वित्त आयोग की राशि में अनियमितताओं का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा। ताज़ा खुलासे में गदराम के घर से जैसिंग के घर तक सीसी सड़क निर्माण के नाम पर 1,60,400 का भुगतान एक इलेक्ट्रॉनिक्स फर्म राजवीर इलेक्ट्रॉनिक को कर दिया गयाजो अपने आप में बड़ा सवाल खड़ा करता है।
पोर्टल रिकॉर्ड के अनुसार यह भुगतान वाउचर क्रमांक XVFC/2023-24/P/3 दिनांक 05/09/2023 से किया गया, जिसे तत्कालीन सचिव गोवर्धन सिन्हा और सरपंच विघ्नेश्वर कश्यप ने डिजिटल हस्ताक्षर से मंजूरी दी। हैरानी की बात यह है कि जिस फर्म का कार्यक्षेत्र इलेक्ट्रॉनिक्स है, उसे सड़क निर्माण जैसे कार्य के लिए भुगतान कैसे और क्यों किया गया।
मामला यहीं नहीं रुकता। वित्तीय वर्ष 2024-25 में भी वाउचर क्रमांक XVFC/2024-25/P/17 दिनांक 25/10/2024 के माध्यम से राशि आहरित की गई, जिसे सचिव जानकी भारती और वही सरपंच विघ्नेश्वर कश्यप ने स्वीकृति दी।
नियमों के मुताबिक किसी भी भुगतान से पहले तकनीकी प्राक्कलन, माप पुस्तिका (MB), जिओ-टैग फोटो, GST बिल और भौतिक सत्यापन अनिवार्य होते हैं। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर न तो कोई नई सड़क दिखाई देती है और न ही कार्य का कोई ठोस प्रमाण मौजूद है।
इसी कड़ी में एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां स्ट्रीट लाइट मरम्मत के नाम पर 44,100 का भुगतान फिर उसी राजवीर इलेक्ट्रॉनिक फर्म को कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि न तो नई लाइटें लगी हैं और न ही बड़े स्तर पर मरम्मत का कोई कार्य हुआ है।
लगातार सामने आ रही इन अनियमितताओं से पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्राम पंचायत बड़े देवड़ा (LGD कोड 121821) के ग्रामीणों ने कलेक्टर बस्तर से मांग की है कि बकावंड ब्लॉक की सभी पंचायतों में 2023-24 और 2024-25 के 15वें वित्त आयोग के कार्यों का थर्ड पार्टी ऑडिट कराया जाए।
साथ ही राजवीर इलेक्ट्रॉनिक फर्म को हुए सभी भुगतानों की एक साथ उच्चस्तरीय जांच की मांग भी तेज हो गई है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करता है या फिर ये फाइलें भी कागजों में ही दबकर रह जाएंगी।





