एक शिक्षक के भरोसे चल रही बजावंड कन्या शाला, पढ़ाई प्रभावित, पालक-ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी… देखें वीडियो –

जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड अंतर्गत ओडिशा सीमा से लगे ग्राम पंचायत बाजावंड की प्राथमिक शाला में शिक्षकों की भारी कमी के कारण छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। करीब 184 छात्राओं की दर्ज संख्या वाली इस शाला में केवल एक शिक्षक पदस्थ होने से शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है। पालकों और ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से अतिरिक्त शिक्षकों की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक शिक्षा विभाग ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
ग्रामीणों के अनुसार एकमात्र शिक्षक को पढ़ाई कराने के साथ-साथ उपस्थिति पंजी संधारित करने, कार्यालयीन कार्य, शाला के रखरखाव सहित अन्य सभी प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी निभानी पड़ रही हैं। ऐसे में छात्राओं को नियमित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना चुनौती बन गया है। यदि किसी कारणवश शिक्षक अवकाश पर रहते हैं या किसी शासकीय कार्य में व्यस्त हो जाते हैं, तो पूरे विद्यालय की पढ़ाई ठप पड़ जाती है।
विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं को लेकर भी पालकों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि शाला भवन के सामने लंबे समय से एक विशाल पेड़ गिरा हुआ है, जिसे अब तक नहीं हटाया गया है। इससे विद्यार्थियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं और विद्यालय परिसर में आने-जाने में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षकों की कमी और अन्य समस्याओं को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं निकला। अब पालक एवं ग्रामवासी जिला प्रशासन के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगों को रखने की तैयारी में हैं। उनका कहना है कि यदि शीघ्र ही अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति और विद्यालय की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
देखें वीडियो –




