उलनार में सुशासन तिहार का आयोजन, ग्रामीणों ने लिया शासकीय योजनाओं का लाभ, सांसद महेश कश्यप सहित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में लगे विभागीय स्टॉल, स्वास्थ्य जांच और जनसमस्याओं पर हुई चर्चा…. देखें वीडियो


जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। बस्तर जिले के जनपद पंचायत बकावंड अंतर्गत ग्राम पंचायत उलनार में राज्य शासन द्वारा संचालित सुशासन तिहार का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आसपास की लगभग 15 से 20 पंचायतों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना था।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, उपलब्धियों और शासन द्वारा संचालित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। मंच पर मुख्य रूप से सांसद महेश कश्यप, जिला पंचायत सदस्य बनवासी मौर्य, भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे, जनपद पंचायत बकावंड के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, महिला जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
जिला पंचायत सदस्य बनवासी मौर्य ने ग्राम सभा के दौरान किसानों से जुड़े मुद्दों, एग्री-स्टैक पंजीयन एवं वन भूमि पट्टा संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाया जाए।
वहीं सांसद महेश कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण विकास एवं जनकल्याण के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने नल-जल योजना को प्रभावी ढंग से संचालित करने, ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने तथा युवाओं और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। सांसद ने लोगों से स्वयं जागरूक होकर शासन की योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान भी किया।
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग (आईसीडीएस) द्वारा पौष्टिक आहार, फल-फ्रूट एवं संतुलित भोजन के महत्व की जानकारी दी गई। वहीं स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर ग्रामीणों की निःशुल्क रक्तचाप (बीपी) एवं शुगर जांच की गई तथा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा विभिन्न विभागों ने अपने-अपने क्षेत्र की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देकर लोगों को लाभान्वित किया।
सुशासन तिहार के इस आयोजन को ग्रामीणों ने शासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बताया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने आश्वस्त किया कि प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंच सके।
देखें वीडियो –





