पंडरी तराई तालाब का होगा कायाकल्प, नगर निगम ने शुरू किया जीर्णोद्धार कार्य, 20 वर्षों पुरानी मांग हो रही पूरी, गहरीकरण और सौंदर्यीकरण से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर… देखें वीडियो


जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। बस्तर जिले के जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र में शामिल हुए ग्रामीण इलाकों के विकास को नई दिशा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 35 छत्रपति शिवाजी वार्ड स्थित पंडरी तराई तालाब के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। वर्षों से उपेक्षित पड़े इस तालाब के पुनर्जीवन से क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पूर्व में पंडरी तराई तालाब क्षेत्र के जल संरक्षण का प्रमुख स्रोत हुआ करता था, जहां बरसात का पानी एकत्रित कर ग्रामीणों की जरूरतों को पूरा किया जाता था। लेकिन समय के साथ तालाब की स्थिति खराब होती चली गई और यह सूखने की कगार पर पहुंच गया। स्थानीय ग्रामीणों तथा वार्ड पार्षद श्यामसुंदर बघेल के प्रयासों से नगर निगम ने इस महत्वपूर्ण जलस्रोत के संरक्षण का कार्य शुरू किया है। महापौर संजय पांडे के मार्गदर्शन में तालाब का गहरीकरण, तटबंध निर्माण और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
करीब दो दशकों से स्कूलपारा, बादलपारा और पटेलपारा के लोगों द्वारा तालाब के जीर्णोद्धार की मांग की जा रही थी। वर्तमान में तालाब के चारों ओर तटबंध तैयार किए जा रहे हैं तथा बीच हिस्से में लगभग आठ फीट तक गहरीकरण का कार्य किया जा रहा है, जिससे वर्षभर जल संरक्षण संभव हो सकेगा। निर्माण कार्य ठेकेदार अशोक पांडे द्वारा कराया जा रहा है और नगर निगम की देखरेख में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
वार्ड पार्षद श्यामसुंदर बघेल ने बताया कि तालाब में पहले लगभग चार फीट पानी भरा रहता था, लेकिन अब इसे और विकसित करने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर खुदाई एवं सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की मंशा के अनुरूप कार्य पूर्ण होने के बाद पंडरी तराई तालाब न केवल जल संरक्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि आने वाले समय में यह क्षेत्र के लिए एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित हो सकता है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि तालाब के पुनर्जीवन से क्षेत्र में जलस्तर बढ़ेगा, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और आसपास के मोहल्लों की सुंदरता में भी इजाफा होगा। नगर निगम की इस पहल को ग्रामीण एवं शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
देखें वीडियो –





