छत्तीसगढ़

मोदी सरकार की नीतियों से बढ़ी महंगाई, आम जनता पर आर्थिक बोझ: दयाराम कश्यप, पेट्रोल-डीजल संकट, खाद्य वस्तुओं की महंगाई और गिरते रुपये पर किसान कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल…

जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। किसान कांग्रेस नेता दयाराम कश्यप ने केंद्र की मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा है कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल संकट और आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों में भारी वृद्धि से आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारी लगातार आर्थिक दबाव झेल रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार जमीनी समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है।

दयाराम कश्यप ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में हालात चाहे जो भी हों, लेकिन देश के भीतर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। खाद्य तेल, राशन सामग्री, सब्जियों और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग का घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय रुपया भी लगातार कमजोर होता जा रहा है। वर्तमान समय में एक अमेरिकी डॉलर की कीमत लगभग 96 रुपये तक पहुंच चुकी है, जो देश की आर्थिक स्थिति को लेकर गंभीर चिंता पैदा करता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक रणनीतियों के कारण देश में आर्थिक अस्थिरता बढ़ रही है। दयाराम कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक ओर देशवासियों से बचत और विदेशी वस्तुओं के उपयोग को कम करने की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर लगातार विदेश दौरों में व्यस्त रहते हैं। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है, लेकिन सरकार आम लोगों की समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने में विफल साबित हो रही है।

किसान कांग्रेस नेता ने कहा कि आज हालात ऐसे बन चुके हैं कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमत का सीधा असर खेती-किसानी, परिवहन और बाजार व्यवस्था पर पड़ रहा है। महंगाई के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में भी आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से तत्काल राहतकारी कदम उठाने और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण करने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button