19 किलो व्यवसायिक गैस सिलेंडर की आड़ में 14 किलो कमर्शियल गैस सिलेंडर का खुलेआम दुरुपयोग, जिलेभर में गुमटी-ठेलों पर घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध इस्तेमाल…


दंतेवाड़ा(प्रभात क्रांति)। जिले में गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है। नियमों को ताक पर रखकर 19 किलो के व्यावसायिक गैस सिलेंडर की जगह 14 किलो के घरेलू गैस सिलेंडरों का खुलेआम उपयोग किया जा रहा है। खासकर शहर के मुख्य बाजारों, चौक-चौराहों और गुमटी-ठेलों पर यह नजारा आम हो गया है।
जानकारी के अनुसार, कई ठेला संचालक और छोटे दुकानदार सस्ती पड़ने के कारण घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यवसायिक कार्यों में कर रहे हैं, जो कि पूरी तरह अवैध है। इससे जहां सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं सुरक्षा की दृष्टि से भी यह गंभीर खतरा बना हुआ है।
हर गली-मोहल्ले में दिख रही अनियमितता
जिले के विभिन्न इलाकों में चाय-नाश्ते की दुकानों, फास्ट फूड ठेलों और छोटी होटलों में घरेलू गैस सिलेंडरों का धड़ल्ले से उपयोग किया जा रहा है। कई स्थानों पर तो सिलेंडरों की खुलेआम अदला-बदली भी देखी जा सकती है।
खाद्य विभाग और नगर पालिका की चुप्पी पर सवाल
इस पूरे मामले में खाद्य विभाग और नगर पालिका की भूमिका सवालों के घेरे में है। जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से यह अवैध कारोबार लगातार फल-फूल रहा है।
बड़े हादसे की आशंका
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह बिना सुरक्षा मानकों के गैस सिलेंडरों का उपयोग किसी भी समय बड़े हादसे को जन्म दे सकता है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यह खतरा और अधिक बढ़ जाता है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और नियमित जांच अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में किसी अनहोनी से बचा जा सके।




