शांति नगर में जल संकट अब भी ज्यों का त्यों! नगरपालिका परिषद का दावा सरासर झूठा– पुरुषोत्तम सल्लूर


बीजापुर(प्रभात क्रांति) । नगरपालिका परिषद बीजापुर के पूर्व उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता पुरुषोत्तम सल्लूर ने तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि शांति नगर वार्ड क्रमांक 07 में जल संकट पूरी तरह बरकरार है। वार्ड के निवासी अभी भी पानी के लिए तरस रहे हैं, लेकिन मुख्य नगर पालिका अधिकारी बंशी लाल नुरेटी का दावा कि शांतिनगर में पानी की समस्या हल हो गई है, वह पूरी तरह गलत, भ्रामक और जनता के साथ धोखाधड़ी है।
पुरुषोत्तम सल्लूर ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया कि प्रशासन केवल कागजों पर योजनाएं चलाकर और झूठे दावे करके जनता की आंखों में धूल झोंक रही है। वास्तविकता यह है कि शांति नगर के सैकड़ों परिवारों को आज भी घंटों लाइन में खड़े होकर या दूर से पानी लाना पड़ रहा है। महिलाएं और बच्चे इस जल संकट की मार सबसे ज्यादा झेल रहे हैं। गर्मी के इस प्रचंड मौसम में पानी की किल्लत ने पूरे वार्ड को आक्रोशित कर रखा है।
पुरुषोत्तम सल्लूर ने अपने विज्ञप्ति में आगे कहा कि “अगर शांति नगर वार्ड में जल संकट की समस्या जस की तस बनी रही, तो आम लोगों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन और बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
पूर्व उपाध्यक्ष सल्लूर ने नगरपालिका परिषद की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बार-बार शिकायतें करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। पाइपलाइनें जाम हैं, बोरिंग सूख चुकी हैं, टैंकरों की व्यवस्था नाममात्र की है और ऊपर से अधिकारी झूठे प्रचार में व्यस्त हैं। उन्होंने मांग की कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी बंशी लाल नुरेटी मौक़े पर जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा लें और तत्काल समाधान निकालें, न कि प्रेस में झूठे बयान देकर अपनी जिम्मेदारी से बचें।
कांग्रेस नेता पुरुषोत्तम सल्लूर ने बीजापुर नगरपालिका परिषद से तुरंत प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, जिसमें नए बोरिंग, पाइपलाइन सुधार, नियमित टैंकर सप्लाई और लंबे समय के लिए स्थायी समाधान शामिल हों।





