सरपंच संघ के अध्यक्ष के द्वारा दिए गए ज्ञापन का बुधराम ने किया खंडन, फर्जी पत्रकार कहने वालों को बुधराम नेताम की खुली चुनौती, “एक भी रुपये की वसूली साबित करें, जेल जाने को तैयार हूं”….


जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। सरपंच संघ द्वारा लगाए गए आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए बकावंड ब्लॉक निवासी एवं पत्रकार बुधराम नेताम ने कहा है कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप निराधार और तथ्यहीन हैं। उन्होंने सरपंच संघ के पदाधिकारियों को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि कोई भी सरपंच यह साबित कर दे कि उन्होंने समाचार प्रकाशन, विज्ञापन या किसी अन्य नाम पर एक भी रुपये की वसूली की है, तो वे जेल जाने के लिए भी तैयार हैं।
बुधराम नेताम ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा उन्हें “फर्जी पत्रकार” बताने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि उनकी पत्रकारिता से संबंधित सभी जानकारियां और दस्तावेज संबंधित विभागों में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग उन पर फर्जी पत्रकार होने का आरोप लगा रहे हैं, वे पहले जनसंपर्क कार्यालय जाकर उनकी स्थिति और पत्रकारिता संबंधी जानकारी की पुष्टि कर लें।
उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और अनियमितताओं से जुड़े समाचार प्रकाशित होने के बाद कुछ लोग बौखलाहट में उनके खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। पत्रकार का काम जनता की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को सामने लाना है, और वे इसी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं।
बुधराम नेताम ने सरपंच संघ की निंदा करते हुए कहा कि बिना किसी प्रमाण के किसी व्यक्ति की छवि धूमिल करने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि यदि सरपंच संघ के पास उनके खिलाफ कोई ठोस प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक करें और संबंधित जांच एजेंसियों को सौंपें। यदि आरोप सिद्ध हो जाते हैं तो वे कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि वे आगे भी क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहेंगे तथा किसी भी दबाव या धमकी से पीछे हटने वाले नहीं हैं। इस बयान के बाद सरपंच संघ और पत्रकार के बीच चल रहा विवाद जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।





