दंतेवाड़ा पुलिस ने सुलझाई 2 वर्ष पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी, प्लास्टिक बोरी में मिला महिला का कंकाल, शक के चलते पत्नी ने रची हत्या की साजिश… देखें वीडियो


दंतेवाड़ा(प्रभात क्रांति) । जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में गंभीर अपराधों के प्रति संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु पुलिस अधीक्षक गौरव राय द्वारा लगातार क्राइम मीटिंग लेकर पुराने मामलों एवं गुमशुदा व्यक्तियों की पतासाजी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा गौरव राय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार वर्मन के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी राहुल उईके के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिन्हा के नेतृत्व में थाना सिटी कोतवाली दंतेवाड़ा में दर्ज गुम इंसान क्रमांक 09/2024 की लगातार पतासाजी की जा रही थी, किन्तु कोई सुराग प्राप्त नहीं हो रहा था।
गुमशुदा महिला रामदई कश्यप की पतासाजी हेतु पुलिस अनुविभागीय अधिकारी राहुल उईके के नेतृत्व में निरीक्षक धनंजय सिन्हा, उनि. संजय पाल, सउनि. पंकज धर एवं प्रआर. 75 आशीष कुमार नाग की टीम गठित की गई। टीम द्वारा मामले की नए सिरे से जांच प्रारंभ की गई।
दिनांक 12.05.2026 को गुमशुदा के परिजनों के कथन लिए गए तथा कॉल डिटेल का विश्लेषण किया गया! जिसमें पाण्डू करटम से लगातार संपर्क होना पाया गया। पूछताछ में ज्ञात हुआ कि गुमशुदा महिला के साथ नजदीकी संबंध था।दिनांक 13.05.2026 को ग्राम तोयलंका पहुंचकर ग्रामीणों से पूछताछ की गई। पूछताछ में जानकारी मिली कि में रामदई कश्यप दंतेवाड़ा में रहती थी।इसी क्रम में दिनांक 15.05.2026 को रामबती करटम निवासी ग्राम तोयलंका से विस्तृत पूछताछ की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गुमशुदा रामदई कश्यप का कमली करटम के पति के साथ नजदीकी संबंध था! जिसकी जानकारी कमली करटम को भी थी। नजदीकी संबंध से नाराज होकर कमली करटम ने अपने रिश्तेदार हुंगाराम उर्फ बुटू करटम को पैसे देकर रामदई कश्यप की हत्या की साजिश रची। घटना के समय उसका पति गांव में बीज त्यौहार के कारण तोयलंका आया हुआ था। इसका फायदा उठाकर कमली करटम ने अपने पति की पहली पत्नी की बेटी लक्ष्मी करटम को दंतेवाड़ा भेज दिया। रात में कमली ने फोन कर रामदई के बारे में जानकारी ली, तब लक्ष्मी ने बताया कि वह घर में सो रही है।
इसके बाद कमली करटम ने अपनी पिकअप वाहन से हुंगाराम करटम को दंतेवाड़ा भेजा। जिसके बाद हूंगाराम ने घर में घुसकर रामदई कश्यप का मुंह एवं गला दबाकर हत्या कर दी गई।हत्या के बाद शव को रात लगभग 12 से 1 बजे के बीच पिकअप वाहन में रखकर आरोपी हुंगाराम उर्फ बुटू करटम ग्राम तोयलंका स्थित अपने घर के पीछे नाले किनारे ले गए, जहां शव को दफना दिया गया।
कमली करटम की निशानदेही पर दण्डाधिकारी गरिमा प्रधान, फोरेंसिक विशेषज्ञ वसीम अकरम, पुलिस स्टाफ एवं गवाहों की उपस्थिति में शव का उत्खनन कराया गया। मौके से सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में भरा मानव कंकाल बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल दंतेवाड़ा भेजा गया।
मामले में मर्ग क्रमांक 00/2026 एवं अपराध क्रमांक 00/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
दिनांक 21.05.2026 को मामले में विधिवत अपराध कायम कर घटना स्थल निरीक्षण, नक्शा तैयार कर गवाहों के कथन लिए गए। आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर 1.लक्ष्मी नाग पति चिंटू नाग उम्र 22 वर्ष निवासी कटेकल्याण 2.कमली करटम पति पाण्डु उम्र 40 वर्ष निवासी तोयलंका को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के आदेशानुसार जेल भेजा गया।
प्रमुख भूमिका
इस कार्यवाही में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी राहुल उईके, निरीक्षक धनंजय सिन्हा, उनि. संजय पाल, सउनि. पंकज धर एवं प्रआर. 75 आशीष कुमार नाग की सराहनीय भूमिका रही।
देखें वीडियो –





