छत्तीसगढ़

नारी शक्ति योजना पर सियासत तेज- भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, लता उसेंडी ने केंद्र सरकार का जताया आभार, दीपक बैज ने उठाए भ्रष्टाचार के सवाल….देखें वीडियों:-

जगदलपुर (प्रभात क्रांति) । बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में नारी शक्ति वंदन (सशक्त नारी, सशक्त भारत) लागू होने के उपलक्ष्य में योजनाओं को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई । कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी ने जहां केंद्र सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया, वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा लगाए गए आरोपों पर भी जवाब दिया ।

प्रेसवार्ता के दौरान लता उसेंडी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू नारी शक्ति वंदन (सशक्त नारी, सशक्त भारत) से जुड़ी योजनाएं महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की महिलाओं को सम्मान और अवसर देने का कार्य किया है, जिसके लिए वे उनका हृदय से आभार व्यक्त करती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि महिलाओं को जागरूक करने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया ।वहीं, प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों द्वारा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के आरोपों को लेकर सवाल पूछे गए । गौरतलब है कि दीपक बैज ने हाल ही में छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी केंद्रों में साड़ी वितरण को लेकर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे । उन्होंने कहा था कि कम कीमत की साड़ियों को अधिक मूल्य दिखाकर खरीदी की जा रही है ।

इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए लता उसेंडी ने कांग्रेस पर पलटवार किया । उन्होंने कहा कि साड़ी जैसे विषय पर राजनीति करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जो लोग महिलाओं की जरूरतों और उपयोग को नहीं समझते, वे इस तरह के आरोप लगा रहे हैं । उन्होंने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी एवं खाद्य विभाग के माध्यम से वितरित की गई साड़ियों की गुणवत्ता ठीक है और यदि कहीं कोई कमी पाई जाती है, तो संबंधित कंपनी से सुधार कराया जाएगा ।

इस पूरे मामले को लेकर दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है । एक ओर जहां कांग्रेस भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर सरकार को घेर रही है, वहीं भाजपा इसे बेबुनियाद बताते हुए योजनाओं को महिलाओं के हित में बता रही है ।

देखें वीडियों:-

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button