FSSAI मानकों पर एक दिवसीय कार्यशाला सम्पन्न, खाद्य सामग्रियों की पहचान करने व लाइसेंस प्रक्रिया की दी गई जानकारी….देखें वीडियों –


जगदलपुर (प्रभात क्रांति) । बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर स्थित बस्तर चेम्बर ऑफ कॉमर्स भवन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, बस्तर इकाई द्वारा एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य छोटे व्यापारियों, होटल संचालकों तथा खाद्य सामग्री विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों एवं लाइसेंस संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी देना रहा ।

कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभागियों को गोमस्ता लाइसेंस तथा एफएसएसएआई (FSSAI ) पंजीयन की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, स्वच्छता के नियमों का पालन करने और सुरक्षित खाद्य पदार्थों के विक्रय के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ।
इस अवसर पर दिल्ली से आए विशेषज्ञ प्रशिक्षक श्री शिव शंकर प्रजापति ने ताजे एवं बासी फल-सब्जियों तथा मांस की पहचान के व्यावहारिक तरीके बताए। उन्होंने उपस्थित व्यापारियों को मिलावटी एवं असली खाद्य सामग्री पहचानने के सरल उपाय समझाते हुए उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी को प्राथमिकता देने की अपील की ।
कार्यशाला में नगर निगम क्षेत्र एवं ग्रामीण अंचल से आए छोटे व्यापारियों, सब्जी विक्रेताओं तथा खाद्य व्यवसाय संचालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभाग द्वारा मौके पर ही गोमस्ता लाइसेंस एवं एफएसएसएआई पंजीयन के लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कराई गई, जिससे कई व्यापारियों ने तत्काल पंजीयन कराया ।
अधिकारियों ने बताया कि सरकार का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और मानक अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है तथा इस प्रकार की कार्यशालाओं से व्यापारियों में जागरूकता बढ़ेगी। प्रतिभागियों ने भी प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने व्यवसाय को नियमानुसार संचालित करने और ग्राहकों का विश्वास जीतने में सहायता मिलेगी ।
देखें वीडियों –




