प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास मावलीभाटा में निर्माण कार्य में धांधली, बिना नींव खोदे निर्माण जारी…


जगदलपुर (प्रभात क्रांति) । जगदलपुर की जनपद पंचायत तोकापाल के अंतर्गत ग्राम पंचायत मावलीभाटा स्थित प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास में अतिरिक्त कक्ष/भवन का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा खुलेआम धांधली और अमानक सामग्री का उपयोग किया जा रहा है।
यहाँ कॉलम खड़े करने के बाद नींव में 40 एमएम गिट्टी डालकर जो मजबूत पाया (बेस) तैयार किया जाना चाहिए था, वह नहीं किया गया। बिना उचित नींव और पाया दिए ही सीधे अमानक रूप से सीमेंट-ईंट की जुड़ाई चालू कर दी गई है।
नींव मजबूत न होने के कारण भविष्य में भवन की गुणवत्ता पर गंभीर असर पड़ेगा, यदि इसी तरह शासकीय भवनों का निर्माण चलता रहा, तो बिना मजबूत नींव के यह भवन कभी भी ढह सकता है, गिर सकता है अथवा इसमें दरारें और सीलन आने का भारी खतरा बना रहेगा।
इस भवन निर्माण कार्य स्थल पर सूचना पट्ट नहीं लगाया गया है। सूचना पट्ट के अभाव में यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि निर्माण कार्य किस विभाग द्वारा कराया जा रहा है, संबंधित ठेकेदार कौन है, निर्माण की कुल लागत कितनी है तथा कार्य को पूरा करने की निर्धारित समय-सीमा क्या है। निर्माण कार्य से जुड़ी आवश्यक जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं किए जाने से कार्य की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं और कई तरह की आशंकाएं पैदा हो रही हैं।

इस प्री मैक्ट्रिक बालक छात्रावास में इस तरह अनियमितता एवं कार्यों के प्रति लापरवाही का नतीजा बच्चों को भविष्य में भुगतना पड़ सकता है इस संबंध में जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारियों को उचित देख-रेख कर छात्रावास का निर्माण मजबूती से किया जाना चाहिए ।




