छत्तीसगढ़

नाबालिगों को वाहन न दें, सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ें,  मावा पुलिस केतुल अभियान के तहत स्वामी आत्मानंद विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित… देखें वीडियो – 

बीजापुर(प्रभात क्रांति न्यूज) । पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में मावा पुलिस केतुल अभियान के अंतर्गत आज स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बीजापुर में विद्यार्थियों को जागरूक करने हेतु विविध जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ नोडल अधिकारी (यातायात) विनीत साहू, यातायात प्रभारी संदीप ठाकुर, उपनिरीक्षक केशव ठाकुर, महिला सेल से पूनम शर्मा, रोड सेफ्टी सेल से अवध सिन्हा एवं यातायात स्टाफ उपस्थित रहे।

रोड सेफ्टी सेल के अवध सिन्हा ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों का पालन तथा नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। नोडल अधिकारी विनीत साहू ने विद्यार्थियों को संक्षेप में नशा मुक्ति एवं साइबर जागरूकता के महत्वपूर्ण संदेश देते हुए ऑनलाइन ठगी से बचाव तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

महिला सेल की उपनिरीक्षक पूनम शर्मा ने गुड टच-बैड टच, महिला सेल के कार्य, महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों तथा अभिव्यक्ति ऐप की उपयोगिता की जानकारी दी। यातायात प्रभारी संदीप ठाकुर ने सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए विद्यार्थियों से अपने अभिभावकों को भी प्रेरित करने की अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने के लिए न दें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

कार्यक्रम के दौरान डीआरजी के जवानों द्वारा प्रस्तुत नशा मुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक एवं आकर्षक नृत्य विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का प्रभावी संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने, नशे से दूर रहने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button