ब्रह्मकुमारी आश्रम द्वारा डीआरजी जवानों के लिए मेडिटेशन एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बीजापुर (प्रभात क्रांति)। जिला बीजापुर अंतर्गत दिनांक 16/06/2026 ब्रह्मकुमारी आश्रम द्वारा डीआरजी जवानों के लिए मेडिटेशन एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आश्रम के प्रशिक्षकों द्वारा जवानों को मेडिटेशन की विभिन्न विधियों का अभ्यास कराया गया तथा मानसिक शांति, आत्मबल एवं सकारात्मक सोच के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई ।
प्रशिक्षकों ने जवानों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, तनाव प्रबंधन, संतुलित आहार एवं नियमित व्यायाम के संबंध में आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सुझाव प्रदान किए। उन्होंने बताया कि नियमित मेडिटेशन एवं योगाभ्यास से मानसिक एकाग्रता, कार्यक्षमता तथा आत्मविश्वास में वृद्धि होती है, जिससे दैनिक जीवन एवं कर्तव्य निर्वहन में सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
कार्यक्रम के दौरान जवानों को जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने, आत्मअनुशासन विकसित करने तथा मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के विभिन्न उपाय भी बताए गए। उपस्थित जवानों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए मेडिटेशन को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में उप पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) सुदीप सरकार द्वारा ब्रह्मकुमारी सेवा आश्रम के प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर उनके द्वारा प्रशिक्षकों को स्मृति स्वरूप प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।





