छत्तीसगढ़

सर्व नाई समाज बस्तर संभाग का प्रेसवार्ता में बड़ा खुलासा, पंजीयन क्रमांक 590 वाले नहीं जाएंगे 82 पंजीयन में, वोटिंग प्रक्रिया का बहिष्कार…

जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर स्थित पत्रकार भवन में सर्व नाई समाज संघ, बस्तर संभाग द्वारा एक प्रेसवार्ता आयोजित कर अपनी स्थिति स्पष्ट की गई। समाज के पदाधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पंजीयन क्रमांक 590 के अंतर्गत संचालित उनका संगठन स्वतंत्र और पुराना है, जो किसी भी स्थिति में पंजीयन क्रमांक 82 (सर्व सेन समाज) में शामिल नहीं होगा।

प्रेसवार्ता में बताया गया कि वर्ष 2022 में रायपुर में पंजीकृत क्रमांक 82 के तहत सर्व सेन समाज का गठन किया गया, जिसका उद्देश्य पूरे छत्तीसगढ़ के नाई समाज को एकजुट करना है। वहीं, बस्तर जिले में वर्ष 2002 से पंजीयन क्रमांक 590 के अंतर्गत सर्व नाई समाज सक्रिय है, जिसके माध्यम से समाज ने जमीन, भवन और अन्य सामाजिक कार्यों को संपन्न किया है।

समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि यह संस्था वर्षों पुरानी और मजबूत है, जिसमें लगभग 400 सदस्य जुड़े हुए हैं। इसमें बिहार, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना सहित विभिन्न राज्यों से आए नाई समाज के लोग शामिल हैं।

पूर्व अध्यक्ष परमेश्वर ठाकुर, राधेश्याम श्रीवास, स्व. वेंकट राव तथा वर्तमान अध्यक्ष मनोज ठाकुर सहित कई पदाधिकारियों ने शुरुआत से ही पंजीयन क्रमांक 590 के आधार पर समाज का संचालन किया है ।

प्रेसवार्ता में आरोप लगाया गया कि रायपुर और अन्य क्षेत्रों के कुछ लोग समाज को विभाजित कर सर्व सेन समाज में जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, जिसका सर्व नाई समाज कड़ा विरोध करता है।

जिला अध्यक्ष मनोज ठाकुर ने कहा कि सर्व सेन समाज द्वारा नाई होने का प्रमाण आधार कार्ड के माध्यम से दिखाकर वोटिंग कराने की प्रक्रिया को समाज पूरी तरह से अस्वीकार करता है। साथ ही, जिन लोगों ने सर्व सेन समाज में वोट देकर सदस्यता ली है, उनका भी सामाजिक स्तर पर बहिष्कार किया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि सर्व नाई समाज (पंजीयन 590) एक मजबूत और संगठित संस्था है, जिसमें विभिन्न राज्यों के लोग लगातार जुड़ रहे हैं। समाज ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी स्थिति में सर्व सेन समाज से नहीं जुड़ेंगे।

अंत में समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि जो लोग पंजीयन क्रमांक 590 के तहत सदस्य बनना चाहते हैं, वे जुड़ सकते हैं और भविष्य में चुनाव प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। समाज अपने सदस्यों के साथ हमेशा खड़ा रहेगा और सामूहिक प्रयास से समाज के विकास को आगे बढ़ाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button