11 जून को निकलेगी किसान आक्रोश रैली, किसानों की 9 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा जाएगा ज्ञापन – दयाराम कश्यप


जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। बस्तर जिला किसान कांग्रेस द्वारा किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 11 जून 2026 को जगदलपुर में किसान आक्रोश रैली का आयोजन किया जाएगा। किसान कांग्रेस अध्यक्ष दयाराम कश्यप ने बताया कि जिले में किसानों को खाद-बीज की कमी, डीजल किल्लत, अव्यवस्थित वितरण व्यवस्था तथा कृषि से जुड़ी अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं मुद्दों को लेकर किसानों की आवाज प्रशासन तक पहुंचाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रैली सुबह 11 बजे राजीव भवन, जगदलपुर से प्रारंभ होगी। इसके बाद किसान एवं किसान कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे। मांगों में समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराना, डीजल संकट दूर करना, फसल का उचित मूल्य सुनिश्चित करना, सिंचाई व्यवस्था में सुधार तथा किसानों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों को वापस लेने जैसे मुद्दे शामिल हैं।
किसान कांग्रेस नेता दयाराम कश्यप ने जिले के किसानों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाना आवश्यक है। किसान कांग्रेस का कहना है कि जब तक किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता, तब तक किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाता रहेगा।




